दिन में धूप, सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी, दो दिन बाद राहत के आसार
पटना
बिहार में घने कोहरे की स्थिति शुक्रवार को भी बनी रही। पटना, भागलपुर, गया और पूर्णिया में सुबह में घना कोहरा होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। पटना में सुबह साढ़े सात बजे मात्र 50 मीटर की विजिबिलिटी थी। शुक्रवार को दिन के साढ़े दस बजे 1000 मीटर की दृश्यता हुई तो इसके बाद विमानों की आवाजाही सुनिश्चित हुई। गया में न्यूनतम पारे में पिछले 24 घंटे में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पूर्णिया में तीन डिग्री तक पारा नीचे आया है। दिनभर आसमान में धुंध की स्थिति बने रहने की वजह से सूर्य की किरणें भी छनकर आती रहीं। यही वजह रही कि राज्य के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। पटना में यह गिरावट डेढ़ डिग्री तक रही।
मौसमविदों का कहना है कि अगले 24 घंटे भी ठंड की स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। दिन के तापमान में आंशिक सुधार हो सकता है। रात के तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। अब भी सूबे के लगभग सभी शहरों का अधिकतम पारा सामान्य से तीन डिग्री नीचे बना हुआ है। इस वजह से दिन में भी ठंड की स्थिति रही।

पाठको की राय